चटपटी चना मसाला: घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा स्वाद

क्या आपका भी मन करता है शाम की हल्की भूख या बारिश जैसे अचे मौसम में कुछ खट्टा, तीखा और मसाले वाला खाने को, मेरे साथ तो अक्सर ही ऐसा होता है जब भी शाम की चाय हो और उसके साथ कुछ कुरकुरा या मसालेदार हो, मुझे तो सबसे पहले दयान चटपटी चना मसाले का ही आता है। और बाजार या सड़क किनारे मिलने वाली इस रेसिपी की बात ही अलग होती है,लेकिन कई बार बाहर के तेल या साफ-सफाई को लेकर मन में थोड़ी हिचकिचाहट भी रहती है।

अच्छी बात तो ये  है कि वही ठेले या रेस्टोरेंट जैसा स्वाद आप अपनी रसोई में बड़ी आसानी से बना सकते हैं। न तो इसमें घंटों की मेहनत लगती है और न ही बहुत महंगे मसालों की जरूरत होती है। बस थोड़े से मसाले और नींबू-चाट मसाले का सही तालमेल इस डिश को खास बना देता है।

चटपटी चना मसाला

आज इस रेसिपी में हम जानेंगे कि घर पर परफेक्ट चटपटी चना मसाला कैसे बनाते है , कौन-से चने सबसे अच्छे रहते हैं, और ज्यादा स्वादिष्ट कैसे बनाया जा सकता है

चटपटी चना मसाला क्यों इतना स्वादिष्ट  होता है ?

भारतीयों की रसोई में चने का इस्तेमाल सदियों से ही होता आ रहा है। चाहे सुबह का नाश्ता हो, लंच बॉक्स हो या शाम का स्नैक, चना हर रूप में स्वादिष्ट लगता है। लेकिन जब इसे प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, भुना जीरा, चाट मसाला और नींबू के रस के साथ बनाया जाता है, तो इसका स्वाद ही बदल जाता है।

इस रेसिपी की सबसे बड़ी खूबी इसका टेक्सचर और फ्लेवर बैलेंस है:

  • उबले या भुने चनों की हल्की सोंधी और नरम-कुरकुरी स्वाद रेसिपी

  • बारीक कटे प्याज और खीरे का ताजा क्रंच

  • टमाटर और नींबू के रस का हल्का चटपटा पन

  •  हल्की हरी मिर्च और लाल मिर्च का तीखापन

  • भुने जीरे और चाट मसाले का चटपटा पन

यह एक ऐसी डिश है जिसे आप 10 से 15 मिनट में बना सकते हैं (अगर चने पहले से उबले या भुने हुए रखे है )। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर उम्र के लोगों को इसका स्वाद बहुत पसंद आता है।

सही चने : काबुली, काला या रोस्टेड?

अक्सर लोग सोचते है कि इस रेसिपी के लिए किस तरह के चने सबसे अच्छे रहते हैं। सच कहो तो यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपको किस तरह का स्वाद और चना की रेसिपी पसंद है।

1. काले चने (देसी चने)

अगर आपको एकदम  देसी स्वाद चाहिए, तो उबले हुए काले चने सबसे अच्छे हैं। इनका छिलका हल्का सख्त होता है, जिससे मसालों के साथ मिलाने पर एक बढ़िया स्वाद मिलता है।

2. काबुली चने (सफेद छोले)

अगर आपको थोड़ा क्रीमी, हल्का और पेट भरने वाला स्नैक चाहिए, तो उबले हुए काबुली चने शानदार रहते हैं। चाट और  मसाला के साथ इनका स्वाद बहुत जल्दी घुल-मिल जाता है।

3. भुने हुए चने (रोस्टेड चना)

जब बिल्कुल भी समय न हो और झटपट कुछ बनाना हो, तो बाजार में मिलने वाले छिलके वाले या बिना छिलके वाले भुने चने सबसे आसान हैं। इन्हें उबालने की जरूरत नहीं होती, बस मसाले मिलाइए और तुरंत खाये।

सामग्री की सूची (2 से 3 लोगों के लिए)

घर पर चटपटा चना मसाला बनाने के लिए ज्यादातर चीजें आपकी किचन में पहले से मौजूद होंगी:

  • उबले हुए काले या काबुली चने: 1.5 कप (या 1 कप भुने हुए चने)

  • प्याज: 1 मीडियम साइज का, बारीक कटा हुआ

  • टमाटर: 1 मीडियम साइज का, बीज निकालकर बारीक कटा हुआ

  • खीरा: 2 से 3 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ

  • हरी मिर्च: 1 से 2, बारीक कटी हुई (स्वादानुसार)

  • हरा धनिया: 2 से 3 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ

  • नींबू का रस: 1 से 1.5 बड़ा चम्मच

  • चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच

  • भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच

  • लाल मिर्च पाउडर: 1/4 से 1/2 छोटा चम्मच

  • काला नमक: 1/4 छोटा चम्मच

  • सादा नमक: स्वादानुसार (ध्यान रखें चाट मसाले और काले नमक में भी नमक होता है)

  • सरसों का तेल या घी: 1 छोटा चम्मच (एकदम ठेले जैसा फ्लेवर देने के लिए कच्चा सरसों का तेल कम मात्रा में डाल सकते हैं, या फिर हल्का सा तड़का लगा सकते हैं)

स्टेप-बाय-स्टेप बनाने की विधि

आइए जानते हैं कि बिना किसी झंझट के इसे कैसे तैयार बनाये:

स्टेप 1: चनों को तैयार करें

अगर आप कच्चे चने इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें रातभर या कम से कम 6–7 घंटे पानी में भिगो दें। अगले दिन साफ पानी से धोकर कुकर में थोड़ा नमक डालकर 3 से 4 सीटी आने तक (या गलने तक) उबाल लें। ध्यान रखें कि चने बहुत ज्यादा न गलें वरना मैश हो जाएंगे। पानी छानकर चनों को थोड़ा ठंडा होने दें।

स्टेप 2: सब्जियां काटें

जब तक चने ठंडे हो, तब तक प्याज, टमाटर, खीरा, हरी मिर्च और हरा धनिया एकदम बारीक काट लें। और टमाटर के अंदर का गुदा और बीज निकाल देंगे, तो चाट पानी-पानी नहीं होगी और मसाले चनों पर अच्छी तरह चिपक भी जायेगे।

स्टेप 3: मसाले और तेल मिलाएं

एक बड़े बाउल में उबले या भुने चने डालें। अब इसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर, खीरा और हरी मिर्च डालें। इसके ऊपर चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और जरूरत के अनुसार सादा नमक भी डालें।

अगर आपको  स्ट्रीट फूड जैसा तीखा-सौंधा स्वाद अच्छा लगता  है, तो इसमें 1 छोटा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें। अगर आपको कच्चे तेल का स्वाद पसंद नहीं है, तो इसे स्किप कर दें या 1/2 छोटा चम्मच देसी घी डालें।

स्टेप 4: नींबू और धनिया डालकर टॉस करें

आखिर में नींबू का रस और ढेर सारा हरा धनिया भी डालें। और अब चम्मच या बाउल को हल्के हाथ से उछालते हुए (टॉस करते हुए) सारी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

स्टेप 5: तुरंत सर्व करें

तैयार रेसिपी  को एक कटोरी या प्लेट में निकालें। ऊपर से थोड़ा सा अनारदाना, बारीक सेव या पापड़ी डालकर तुरंत ही  परोसें।

ठेले जैसा स्वाद पाने के कुछ छोटे-छोटे सीक्रेट्स

कई बार हम घर पर सारी सामग्री डालकर भी वही स्वाद नहीं ले पाते, ऐसा अक्सर छोटी-छोटी बातों की वजह से होता है:

  1. खटास और तीखेपन का : सिर्फ नींबू या सिर्फ चाट मसाला डालने से बात नहीं बनती। दोनों को थोड़े-थोड़े  बराबर मात्रा में मिलाने से स्वाद में गहराई आती है।

  2. चनों का तापमान: बहुत गरम चनों में प्याज और नींबू मिलाने से प्याज अपना पानी छोड़ देते है और स्वाद थोड़ा फीका पड़ जाता है। चनों को हल्का गुनगुना  टेम्परेचर पर आने दें।

  3. आखिर में नींबू और नमक: अगर आप इसे तुरंत नहीं खा रहे हैं, तो नमक और नींबू सर्व करने से पहले मिलाएं, ताकि कुरकुरापन बना रहे।

  4. भुना जीरा ताजा हो: साबुत जीरे को तवे पर हल्का भूनकर दरदरा या बारीक पीस लें। इसकी खुशबू रेडीमेड मसाले से कहीं अच्छी होती है।

सेहत के नजरिए से यह क्यों है एक स्मार्ट चॉइस?

जब हम शाम के नाश्ते में समोसा, कचौड़ी, पकौड़े या पैकेटबंद नमकीन और बिस्कुट खाते हैं, तो थोड़ी देर बाद भारीपन या सुस्ती आने लग जाती है। इसके मुकाबले घर का बनी यह रेसिपी काफी हल्की और पोषक से भरपूर होती है।

चने में प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करती है। साथ ही, इसमें इस्तेमाल होने वाली ताजी सब्जियां, हरा धनिया और नींबू का रस इसे एक फ्रेश और बैलेंस्ड रेसिपी बनती हैं। आप अपनी जरूरत के अनुसार तेल या नमक की मात्रा को आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं—जो बाहर के खाने में नहीं होती ।

इसे अलग-अलग अंदाज में कैसे परोसें?

एक ही रेसिपी को थोड़ा सा बदलकर आप हर बार नया स्वाद ले सकते हैं:

  • ऑफिस या स्कूल टिफिन के लिए: थोड़ा कम प्याज और कम नींबू डालकर पैक करें, ताकि लंच टाइम तक यह सौगी न हो। साथ में एक छोटा नींबू का टुकड़ा अलग से रख दें।

  • पार्टी या गेट-टुगेदर के लिए: इसे छोटे-छोटे ग्लास या बाउल में भरें, ऊपर से सेव और धनिया पत्ती डालें और स्टार्टर के तौर पर सर्व करें।

  • सलाद बाउल की तरह: अगर आप हल्का डिनर या लंच करना चाहते हैं, तो खीरा, टमाटर और पत्तागोभी की मात्रा थोड़ी सी बढ़ा दें।

📌 इसे भी पढ़ें:

10 मिनट में बनाएं क्रिस्पी आलू स्नैक्स

भुने चने और मखाने

प्रोटीन स्नैक्स

निष्कर्ष

अच्छी रेसिपी की पहचान ये होती है कि वह मुश्किल न लगे, लेकिन खाने वाले का दिल जीत ले। घर पर बनी यह आसान और चटपटी तैयार होने वाली रेसिपी न सिर्फ आपके स्वाद की क्रेविंग को शांत करती है, बल्कि आपको एक साफ-सुथरा और संतोषजनक विकल्प भी देता है।

अगली बार जब शाम को कुछ चटपटा खाने का मन करे, तो बाहर जाने या पैकेट खोलने के बजाय 5 मिनट अपनी किचन को दें। यकीन मानिए, पहली ही बाइट में आपको लगेगा कि घर का स्वाद वाकई लाजवाब होता है।

क्या आप इसे आज शाम की चाय के साथ बनाने का सोच रहे हैं, या आप इसके लिए काला चना और काबुली चना में से किसे चुनना पसंद करेंगे?

Scroll to Top